पौड़ी/नैनीडांडा।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने विकासखंड नैनीडांडा के ग्राम कौला मल्ला तोक, खडोलियाखेत में स्थापित पीरुल कलेक्शन प्लांट तथा विकासखंड कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पीरुल संग्रहण कार्य में लगी महिलाओं से संवाद कर उनके प्रयासों की सराहना की और उनके कार्य को आजीविका सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
निरीक्षण के दौरान महिलाओं ने पीरुल को सुखाने के लिए छोटी यूनिट मशीन की आवश्यकता बताई, जिस पर जिलाधिकारी ने शीघ्र मशीन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पीरुल संग्रहण से महिलाओं को रोजगार मिल रहा है और इस कार्य को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा। जिलाधिकारी ने महातिम यादव को निर्देश दिए कि पीरुल एकत्र कर रही महिलाओं को समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए। इस पर डीएफओ ने जानकारी दी कि संबंधित भुगतान 31 जनवरी तक कर दिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को पीरुल संग्रहण का लक्ष्य बढ़ाने तथा अधिक से अधिक महिलाओं को इस कार्य से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमित पीरुल संग्रहण से वनाग्नि की घटनाओं में कमी आएगी और महिलाओं की आय में निरंतर वृद्धि होगी। साथ ही पैलेट निर्माण के लिए बाजार सर्वे कर आवश्यक समझौते करने के निर्देश भी दिए, ताकि उत्पाद को बेहतर बाजार उपलब्ध कराया जा सके।
पीरुल कलेक्शन से जुड़ी महिलाओं ने बताया कि प्रतिदिन लगभग 250 कुंतल पीरुल एकत्रित किया जा रहा है, जिसमें करीब 350 महिलाएं कार्यरत हैं। उन्होंने यह भी बताया कि लैंटाना कलेक्शन को चिपर मशीन से काटकर पैलेट बनाए जा रहे हैं। इस दौरान जिलाधिकारी ने बेलर मशीन के माध्यम से पीरुल की बंडलिंग प्रक्रिया की भी जानकारी ली।
इसके पश्चात जिलाधिकारी ने विकासखंड नैनीडांडा कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम विकास अधिकारियों से झाड़ी कटान, गुलदार की सक्रियता तथा न्याय पंचायतों से संबंधित जानकारी ली और रोस्टर के अनुसार नियमित क्षेत्र भ्रमण के निर्देश दिए। साथ ही आपदा के दौरान हुई क्षति से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान ग्रामोत्थान, युवा कल्याण, समाज कल्याण, सीएम हेल्पलाइन, एनआरएलएम सहित विभिन्न पटलों का अवलोकन किया गया। जिलाधिकारी ने क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी को सल्ड महादेव के पास स्थित भूमि को खेल मैदान के रूप में विकसित करने हेतु निरीक्षण के निर्देश दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने नैनीडांडा विकासखंड मुख्यालय में नैनी दीदी कैफे का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह कैफे स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के लिए स्वरोजगार का सशक्त माध्यम है। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण सेवा, स्वच्छता बनाए रखने तथा स्थानीय उत्पादों के अधिकतम उपयोग पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर विवेक कुमार उपाध्याय, खंड विकास अधिकारी प्रमोद चंद पांडे, सहायक खंड विकास अधिकारी रमेश चंद नैनवाल, एडीओ पंचायत हुसैन अली सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।