देहरादून।
उत्तराखंड सरकार की कैबिनेट मंत्री श्रीमती रेखा आर्या के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के बयान के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून को शिकायती पत्र सौंपते हुए उनके खिलाफ कठोर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि गणेश गोदियाल ने 4 और 6 जनवरी 2026 को फेसबुक व सार्वजनिक मंचों से मंत्री रेखा आर्या के खिलाफ आपत्तिजनक और अमर्यादित टिप्पणी की। इसे एक लोकप्रिय दलित महिला मंत्री की छवि धूमिल करने की सोची-समझी साजिश बताते हुए भाजपा ने इसे महिला एवं दलित विरोधी मानसिकता का परिचायक करार दिया है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इस तरह की टिप्पणियां न केवल निंदनीय और असहनीय हैं, बल्कि इससे प्रदेशभर में दलित समाज, महिलाओं और आम जनमानस में गहरा रोष व्याप्त है। अन्य राज्यों में भी इस बयान की कड़ी आलोचना हो रही है।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने बताया कि शिकायत के साथ ऑडियो-वीडियो पेन ड्राइव और फेसबुक पोस्ट के स्क्रीनशॉट संलग्न किए गए हैं। यह शिकायत 12 जनवरी 2026 को SSP देहरादून को सौंपी गई, जिसकी प्रति थाना कैंट के प्रभारी निरीक्षक को भी भेजी गई है।
शिकायत पर गजराज सिंह भाकुनी, भुवन जोशी, दीपक आर्या, भूपाल सिंह मेहरा, तुषार गर्ग, वदना आर्या और मीनाक्षी आर्या के हस्ताक्षर हैं। भाजपा नेताओं ने SSP से मांग की है कि गणेश गोदियाल के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
इधर, विधानसभा क्षेत्र सोमेश्वर में भी मंत्री रेखा आर्या के समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस एवं गणेश गोदियाल का पुतला दहन कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि विकास की सोच रखने वाली भाजपा की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या प्रदेश में तेजी से लोकप्रिय हो रही हैं, जिससे कांग्रेस बौखला गई है। इसी हताशा में कांग्रेस नेता अमर्यादित और अभद्र बयानबाजी कर रहे हैं।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पास न तो विकास की कोई सोच है और न ही कोई सकारात्मक एजेंडा, और ऐसे बयान उनकी नकारात्मक व महिला-दलित विरोधी सोच को उजागर करते हैं।