श्रीनगर गढ़वाल।
हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में गुरुवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया। कुलसचिव और वित्त अधिकारी को अचानक पद से हटाए जाने को लेकर दिनभर विश्वविद्यालय परिसर में चर्चाओं का दौर चलता रहा।
विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से बताया गया कि शीघ्र होने वाली नियमित नियुक्ति प्रक्रिया के चलते अस्थायी रूप से तैनात अधिकारियों को पदमुक्त किया गया है। इस क्रम में कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने बड़ा निर्णय लेते हुए कुलसचिव पद से प्रो. राकेश ढोड़ी को हटाकर अनीश उज जमान को नया कुलसचिव नियुक्त किया है। अनीश उज जमान को कुलसचिव के साथ-साथ उपकुलसचिव का अतिरिक्त दायित्व भी सौंपा गया है।
वहीं विश्वविद्यालय के वित्त अधिकारी पद से डॉ. संजय ध्यानी को हटाकर इंजीनियरिंग विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. नारायण सिंह पंवार को नया वित्त अधिकारी नियुक्त किया गया है।
नियुक्ति प्रक्रिया से जुड़ा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुलसचिव और वित्त अधिकारी दोनों पदों के लिए नियमित नियुक्ति प्रक्रिया प्रस्तावित है। बताया जा रहा है कि वर्तमान में हटाए गए दोनों अधिकारी इन पदों के लिए आवेदक भी हैं और चयन प्रक्रिया में अभ्यर्थी के रूप में शामिल हैं।
विश्वविद्यालय में चर्चाओं का दौर
अचानक हुए इस प्रशासनिक बदलाव के बाद विश्वविद्यालय परिसर में हलचल तेज हो गई है। कर्मचारी, शिक्षक और छात्र इस फैसले को आगामी नियुक्ति प्रक्रिया से जोड़कर देख रहे हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि यह कदम प्रशासनिक पारदर्शिता और प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है।