देहरादून।
नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के दौरान दून पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के एक बेहद शर्मनाक और चौंकाने वाले चेहरे का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने ऐसे अभियुक्त को गिरफ्तार किया है, जो कानून से बचने के लिए मासूम बच्चों को चॉकलेट और पैसों का लालच देकर स्मैक की सप्लाई करवा रहा था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि अभियुक्त बच्चों को कभी चॉकलेट देकर तो कभी कुछ रुपये थमाकर अपने जाल में फंसाता था और उनके जरिए नशे की खेप ग्राहकों तक पहुंचवाता था। इस तरह वह खुद सामने आए बिना लंबे समय से नशे का अवैध कारोबार चला रहा था।
गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से करीब साढ़े तीन लाख रुपये मूल्य की स्मैक बरामद की गई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अभियुक्त इससे पहले भी आर्म्स एक्ट के मामले में जेल जा चुका है, जिससे उसके आपराधिक इतिहास की पुष्टि होती है।
मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए एसएसपी देहरादून ने मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त सभी आरोपियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाने और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि नशे के इस गोरखधंधे में बच्चों का इस्तेमाल करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और समाज को खोखला करने वाले इस अपराध में शामिल हर व्यक्ति को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।