रुद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग क्षेत्रान्तर्गत रैंतोली पेट्रोल पम्प के समीप देर रात्रि एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में एक बोलेरो कैम्पर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा।
रात्रि करीब 12 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की सूचना प्राप्त हुई, जिसके बाद तत्काल चौकी जवाड़ी, कोतवाली रुद्रप्रयाग, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ, आपदा कंट्रोल रूम, 108 एंबुलेंस एवं जल पुलिस को अलर्ट किया गया। सूचना मिलते ही सभी संबंधित टीमें रात में ही मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य प्रारम्भ किया गया।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुद्रप्रयाग सुरेश चन्द्र बलूनी ने बताया कि बोलेरो कैम्पर नदी में गिर गया था। एसडीआरएफ एवं डीडीआरएफ के सहयोग से पुलिस टीम द्वारा कड़ी मशक्कत के बाद नदी से एक व्यक्ति को अचेत अवस्था में बाहर निकाला गया। घायल को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
फिलहाल वाहन के विवरण एवं मृतक की पहचान के संबंध में जानकारी पृथक से साझा की जाएगी। देर रात करीब 4 बजे तक चले खोज एवं बचाव अभियान को आज पुनः प्रारम्भ किया जाएगा।