पौड़ी | 18 जनवरी 2026
जनपद पौड़ी गढ़वाल के ग्रामीण अंचलों में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) गरीब और जरूरतमंद परिवारों के जीवन में स्थायित्व, सम्मान और आत्मविश्वास लेकर आई है। जिन परिवारों के लिए कभी पक्की छत केवल एक सपना थी, आज उनके लिए वह सपना हकीकत बन चुका है। गांवों में बनते पक्के मकान न सिर्फ दीवारें खड़ी कर रहे हैं, बल्कि लोगों की उम्मीदों और भविष्य को भी मजबूती दे रहे हैं।
वर्ष 2016 से 2024 के बीच जनपद पौड़ी में 4594 पात्र परिवारों को सुरक्षित एवं सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराए जा चुके हैं। यह उपलब्धि केवल निर्माण कार्य का आंकड़ा नहीं, बल्कि सरकार और जनता के बीच मजबूत होते विश्वास का प्रतीक है।
वहीं आवास प्लस सर्वे-2024 के तहत जनपद के सभी विकासखंडों में 12,379 नए आवासों के लिए सर्वे कार्य पूर्ण कर लिया गया है। यह सर्वे तीन चरणों में किया जाता है, जिसकी वैधता पांच वर्षों तक रहती है, ताकि वास्तविक जरूरतमंद परिवारों को ही योजना का लाभ मिल सके। वर्तमान में जिला स्तरीय समिति द्वारा पात्र लाभार्थियों के चिन्हीकरण की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।
पारदर्शी प्रक्रिया, सीधा लाभ
प्रधानमंत्री आवास योजना की सबसे बड़ी खासियत इसकी पारदर्शी और सीधी लाभ प्रणाली है। पात्र लाभार्थियों को 1 लाख 30 हजार रुपये की सहायता राशि तीन किश्तों में सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की जाती है। इसके अतिरिक्त 95 दिन की विकसित भारत–जी राम जी मजदूरी तथा उत्तराखंड सरकार द्वारा किचन सामग्री और बर्तनों के लिए 6 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता भी प्रदान की जा रही है।
योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को एक कमरे, एक किचन और शौचालय सहित मूलभूत सुविधाओं से युक्त पक्का आवास मिल रहा है।
लक्ष्य हासिल करने में जनपद अग्रणी
मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना केवल मकान निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह गरीब परिवारों के जीवन को मजबूत आधार देने की एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि योजना की पारदर्शी प्रक्रिया और समयबद्ध क्रियान्वयन के चलते जनपद पौड़ी हर वर्ष अपने निर्धारित लक्ष्यों को सफलतापूर्वक पूरा कर रहा है, जिससे आमजन का सरकार के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।
वर्षवार उपलब्धि
2016-17: 215 लक्ष्य पूर्ण
2017-18: 184 लक्ष्य हासिल
2020-21: 860 आवास पूर्ण
2021-22: 147 लक्ष्य प्राप्त
2022-23: 2049 के सापेक्ष 2043 आवास
2023-24: 1146 के सापेक्ष 1145 परिवारों को आवास
प्रधानमंत्री आवास योजना ने जनपद पौड़ी के गांवों में बदलाव की मजबूत नींव रख दी है। आज इन पक्के घरों के साथ-साथ ग्रामीण परिवारों के सपने भी सुरक्षित और मजबूत हुए हैं।