कोटद्वार। जनपद को नशा-मुक्त बनाने के उद्देश्य से पौड़ी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत कोटद्वार पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देशन में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 7.19 ग्राम स्मैक बरामद की है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 2.15 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सचिन रावत और आयुष रतूड़ी के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे स्वयं नशे के आदी हैं और नशे की पूर्ति के साथ-साथ अवैध आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से बरेली से स्मैक लाकर कोटद्वार क्षेत्र में फुटकर बिक्री करने की फिराक में थे।
बरामदगी के आधार पर कोतवाली कोटद्वार में मु0अ0सं0–11/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही नशा तस्करी से जुड़े अन्य संभावित नेटवर्क, लिंक और स्रोतों की भी गहन जांच जारी है।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण:
सचिन रावत, पुत्र श्री हरेंद्र रावत, निवासी—नयागांव, बलभद्रपुर, कोटद्वार
(बरामदगी: 3.83 ग्राम स्मैक)
आयुष रतूड़ी, पुत्र श्री मनोज रतूड़ी, निवासी—नेगी चौक, पदमपुर, कोटद्वार
(बरामदगी: 3.36 ग्राम स्मैक)
पौड़ी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।