पंचतत्व में विलीन हुए शहीद हवलदार रविन्द्र सिंह, सैन्य सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार
रुद्रप्रयाग।
15 गढ़वाल राइफल्स में तैनात शहीद हवलदार रविन्द्र सिंह का पार्थिव शरीर मंगलवार को पूरे सैन्य सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन हो गया। प्रातः उनके पैतृक गांव आगर, दशज्यूला में अंतिम दर्शन के उपरांत रुद्रप्रयाग संगम तट पर सेना की टुकड़ी द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, जिसके बाद विधिवत अंतिम संस्कार संपन्न हुआ।
अंतिम संस्कार के दौरान सेना के जवानों ने शहीद को सलामी दी। इस भावुक क्षण में वातावरण ‘भारत माता की जय’ और ‘शहीद अमर रहें’ के नारों से गूंज उठा। शहीद को अंतिम विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
शहीद हवलदार रविन्द्र सिंह ग्राम आगर, दशज्यूला (जनपद रुद्रप्रयाग) के निवासी थे। वे 15 गढ़वाल राइफल्स में तैनात थे और 18 जनवरी 2026 को अरुणाचल प्रदेश में मातृभूमि की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए।
शहादत की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई थी। क्षेत्रवासियों ने शहीद की वीरता, साहस और देशभक्ति को नमन करते हुए उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।