उत्तरकाशी।
जनपद उत्तरकाशी में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। सीजन की दूसरी वर्षा और बर्फबारी का दौर लगातार जारी है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हो रही भारी बर्फबारी के चलते गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग सुक्की टॉप से आगे यातायात के लिए पूरी तरह बाधित हो गया है।
वहीं, यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग भी बर्फ जमने के कारण राना चट्टी से जानकी चट्टी तथा राड़ी टॉप तक बंद कर दिया गया है। मार्गों के अवरुद्ध होने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ तीर्थ यात्रियों और पर्यटकों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन द्वारा मार्गों को खोलने के लिए मशीनरी तैनात कर बर्फ हटाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। हालांकि, खराब मौसम के कारण कार्य में दिक्कतें आ रही हैं।
प्रशासन ने यात्रियों से मौसम सामान्य होने तक अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर ही रुकने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार, आगामी घंटों में ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी रहने की संभावना बनी हुई है।