देहरादून।
प्रदेश के शिक्षा विभाग द्वारा देहरादून में नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न जनपदों के लिए चयनित 1100 से अधिक सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। साथ ही ऊधम सिंह नगर जनपद में विशेष शिक्षा हेतु चयनित 18 सहायक अध्यापकों को भी नियुक्ति पत्र सौंपे गए।
कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी नवनियुक्त अध्यापकों को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता पारदर्शिता और सुशासन है। बिना किसी लेन-देन या सिफारिश के अब तक 28 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवा में अवसर मिलना सरकार की स्पष्ट नीति और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत, आधुनिक और रोजगारपरक बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में शिक्षा को नवीन तकनीक, गुणवत्तापूर्ण संसाधनों एवं सुदृढ़ अधोसंरचना से जोड़ा जा रहा है, जिससे आने वाली पीढ़ी को बेहतर अवसर मिल सकें।
इस अवसर पर माननीय कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नवनियुक्त शिक्षक मौजूद रहे।