प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत–2047’ के विज़न को साकार करने और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में आवास एवं शहरी विकास को नई दिशा देने के लिए हडको (HUDCO) राज्य का एक मजबूत साझेदार बनेगा।
इस संबंध में सचिव आवास डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, रेंटल हाउसिंग और भविष्य के नए नगरों के विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में 2047 से 2050 तक की आवासीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए एक समग्र और दीर्घकालिक आवासीय रणनीति तैयार करने पर सहमति बनी।
बैठक में ईडब्ल्यूएस और एलआईजी वर्ग के लिए सस्ते, टिकाऊ और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने, शहरी-ग्रामीण क्षेत्रों के संतुलित विकास तथा पर्वतीय जिलों में स्थानीय निर्माण तकनीकों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।
हडको के क्षेत्रीय प्रमुख संजय भार्गव ने राज्य में नए नगरों के विकास, मास्टर प्लानिंग और वित्तीय सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि हडको द्वारा अब तक उत्तराखंड में 1543.34 करोड़ रुपये की लागत वाली 115 आवासीय एवं शहरी विकास योजनाओं को स्वीकृति दी जा चुकी है।
इन पहलों से राज्य में आवास उपलब्धता बढ़ेगी और समावेशी व सतत विकास को नई गति मिलेगी, जिससे उत्तराखंड विकसित भारत–2047 के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर होगा।