देहरादून।
उत्तराखंड की सांस्कृतिक चेतना के प्रतीक, लोकगायक एवं जनकवि नरेंद्र सिंह नेगी ने 8 फरवरी 2026 को देहरादून के परेड ग्राउंड में प्रस्तावित महापंचायत को लेकर प्रदेशवासियों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है। यह महापंचायत अंकिता को न्याय दिलाने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है।
नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि यह संघर्ष केवल एक व्यक्ति या परिवार का नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड की आत्मा, अस्मिता और पहाड़ की बेटियों के सम्मान से जुड़ा हुआ है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि आज अन्याय के खिलाफ सामूहिक आवाज़ नहीं उठी, तो आने वाले समय में हर बेटी स्वयं को असुरक्षित महसूस करेगी।
उन्होंने प्रदेश की जनता से अपील की कि वे लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से महापंचायत में भाग लेकर न्याय की इस लड़ाई को मजबूती दें। नेगी ने कहा कि यह महापंचायत न्याय, संवेदना और मानवीय मूल्यों के पक्ष में खड़ा एक जनआंदोलन है।
इस अवसर पर अंकिता न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच से जुड़े कई सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। मंच की ओर से कमला पंत, मोहित डिमरी, उमा भट्ट, सूरज नेगी, नवीन जोशी सहित अन्य आंदोलनकारियों ने एक स्वर में महापंचायत को ऐतिहासिक बनाने और अंकिता को न्याय दिलाने के संकल्प को दोहराया।
संघर्ष मंच ने कहा कि यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक दोषियों को सख़्त सज़ा और पीड़ित परिवार को पूर्ण न्याय नहीं मिल जाता। महापंचायत को लेकर प्रदेशभर में जनसंपर्क और जनजागरण अभियान तेज़ी से चलाया जा रहा है।