ऋषिकेश। शहर के शिवाजी नगर क्षेत्र में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। करीब रात 10 बजे एक युवक ने घर में घुसकर 35 वर्षीय महिला को गोली मार दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतका की पहचान प्रीति के रूप में हुई है, जो मूल रूप से यमकेश्वर की निवासी थीं और एम्स ऋषिकेश में अटेंडेंट के पद पर कार्यरत थीं। बताया जा रहा है कि प्रीति तलाकशुदा थीं और उनका आठ वर्षीय बेटा गांव में अपने नाना के साथ रहता है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक मृतका का जान-पहचान का था। शनिवार रात जैसे ही प्रीति ने दरवाजा खोला, आरोपी ने उस पर गोली चला दी और मौके से फरार हो गया। प्राथमिक जांच में मामला एकतरफा प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेराबंदी में लेकर जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। इस वारदात से शिवाजी नगर क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।