विश्व कैंसर दिवस पर मेडिकल कॉलेज के छात्रों ने निकाली जन-जागरूकता रैली
श्रीनगर, 04 फरवरी 2026।
विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के कैंसर रोग विभाग द्वारा श्रीकोट बाजार क्षेत्र में जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ बेस चिकित्सालय परिसर से मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना ने किया।
इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ एवं मेडिकल छात्रों ने पोस्टरों और स्लोगनों के माध्यम से आमजन को कैंसर के प्रति जागरूक किया। रैली के माध्यम से “नशा छोड़ो, स्वस्थ जीवन अपनाओ” का संदेश देते हुए लोगों को समय पर जांच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
रैली को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना ने कहा कि विश्व कैंसर दिवस हमें यह स्मरण कराता है कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से लड़ने के लिए जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार है। उन्होंने बताया कि समय पर जांच, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, संतुलित आहार, शारीरिक गतिविधि तथा तंबाकू व अन्य नशों से दूरी बनाकर कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
डॉ. सयाना ने मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ और छात्रों द्वारा निकाली गई जन-जागरूकता रैली की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि प्रदेश के माननीय चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की पहल पर जीवीके से प्राप्त लैड में शीघ्र ही एक अत्याधुनिक कैंसर यूनिट की स्थापना की जाएगी। इस यूनिट में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा कैंसर रोगियों को बेहतर एवं समुचित उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे क्षेत्रवासियों को इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने आमजन से अपील की कि कैंसर के प्रति सजग रहें, किसी भी प्रकार के असामान्य लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच कराएं और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर इस बीमारी के खिलाफ एकजुट होकर लड़ें।