कीर्तिनगर/श्रीनगर।
विकासखंड कीर्तिनगर क्षेत्र के लिए यह गर्व का विषय है कि यहां के दो दिव्यांग प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन स्पेशल ओलंपिक भारत की राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2026 के लिए हुआ है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 03 से 06 फरवरी 2026 तक रोहतक (हरियाणा) में मिनिस्ट्री ऑफ यूथ अफेयर्स एंड स्पोर्ट्स, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित की जाएगी, जिसमें देशभर से चयनित खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों में राजेंद्र सिंह (निवासी ग्राम खोला कड़ाकोट) एवं राहुल रतूड़ी (निवासी ग्राम पाली डागचौरा) शामिल हैं। दोनों खिलाड़ी एथलेटिक्स विधा में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
इन खिलाड़ियों का चयन हाल ही में ऋषिकेश में आयोजित राज्य स्तरीय स्पेशल ओलंपिक प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर हुआ है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दोनों खिलाड़ी श्री सतीश बलूनी, व्यायाम शिक्षक (राजकीय इंटर कॉलेज, खोला कड़ाकोट) तथा श्री जगदीश चौहान (वर्तमान में देहरादून) के मार्गदर्शन में प्रतिभाग करेंगे।
गौरतलब है कि दोनों खिलाड़ी पूर्व में राजकीय इंटर कॉलेज खोला कड़ाकोट एवं राजकीय इंटर कॉलेज डागचौरा के छात्र रहे हैं, जहां उन्हें नियमित खेल प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इससे पूर्व भी श्री सतीश बलूनी के मार्गदर्शन में प्रशिक्षित खिलाड़ी विजय सिंह ने वर्ष 2015 में विश्व स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत एवं उत्तराखंड का नाम अंतरराष्ट्रीय पटल पर रोशन किया था।
राष्ट्रीय स्तर पर चयन होने पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, खंड शिक्षा अधिकारी, खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों एवं विकासखंड कीर्तिनगर के समस्त व्यायाम शिक्षकों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में श्रेष्ठ प्रदर्शन हेतु शुभकामनाएं दी हैं।
यह उपलब्धि न केवल खिलाड़ियों की मेहनत और लगन का परिणाम है, बल्कि यह कीर्तिनगर क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं के उज्ज्वल भविष्य की ओर भी एक मजबूत संकेत है।