देहरादून | 07 फरवरी 2026
देश में पत्रकारों पर हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। सच सामने लाने की कीमत अब कई बार जान के खतरे तक पहुंच रही है। ताज़ा मामला उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से सामने आया है, जहां वरिष्ठ पत्रकार हेम भट्ट पर सरेआम हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पत्रकार हेम भट्ट पुत्र स्वर्गीय जगदीश चंद्र भट्ट, निवासी शांति विहार, हरिद्वार बाईपास रोड, 6 फरवरी 2026 की शाम अपने कार्यालय कॉन्वेंट रोड से काम समाप्त कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान एमकेपी चौक से आगे रेसकोर्स रोड पर स्कूटी सवार तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उनकी मोटरसाइकिल को ओवरटेक कर जबरन रोका।
आरोप है कि हमलावरों ने पत्रकार भट्ट के साथ गाली-गलौज की, मारपीट की और समाचार प्रसारण को लेकर धमकी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में खबर चलाई गई तो जान से मार दिया जाएगा। हमले में घायल पत्रकार को उपचार के लिए दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया।
इसके बाद पत्रकार हेम भट्ट ने कोतवाली डालनवाला में तहरीर देकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मुकदमा संख्या 26/2026 के अंतर्गत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 115(2), 352 एवं 351(3) के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रकरण की जांच उप-निरीक्षक नरेंद्र कोटियाल, चौकी प्रभारी आराघर द्वारा की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर अज्ञात हमलावरों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है। घटनास्थल व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना को लेकर पत्रकार संगठनों और सामाजिक संगठनों में भारी रोष व्याप्त है। सभी ने इसे स्वतंत्र पत्रकारिता पर सीधा हमला बताते हुए दोषियों के खिलाफ त्वरित और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का दावा है कि जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और शीघ्र ही मामले में ठोस सफलता मिलने की उम्मीद है।