देहरादून।
विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्त उपेन्द्र सिंह थापा को ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र से दबोचा।
पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से विदेश भेजने के नाम पर लोगों को अपने जाल में फंसा रहा था। वह खासतौर पर फिनलैंड में नौकरी दिलाने का लालच देकर पीड़ितों से लाखों रुपये ऐंठता था। ठगी को विश्वसनीय बनाने के लिए आरोपी ने फर्जी वीजा, नकली कॉन्ट्रैक्ट लेटर और अन्य जाली दस्तावेज तैयार किए थे।
पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसने अब तक कई लोगों से करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपये की ठगी की है। मामले में पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि इस ठगी के पीछे किसी संगठित गिरोह की भूमिका से भी इंकार नहीं किया जा सकता। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी के साथ और कौन-कौन शामिल हैं और अब तक कितने लोग इस ठगी का शिकार हो चुके हैं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति या एजेंसी को पैसे देने से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।