टिहरी गढ़वाल। जनपद टिहरी के अंतर्गत घनसाली में आयोजित ‘बसन्त महोत्सव-2026’ का विधिवत शुभारंभ प्रदेश के वरिष्ठ नेता सतपाल महाराज ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बसन्त का आगमन जीवन में नई ऊर्जा, उमंग और प्रकृति से जुड़ाव का संदेश लेकर आता है।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से ₹13 करोड़ 1 लाख से अधिक की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। इनमें सिंचाई विभाग की ₹10.69 करोड़ की दो प्रमुख योजनाएं, लोक निर्माण विभाग की ₹1.71 करोड़ की सड़क परियोजना तथा ₹60 लाख की लागत से निर्मित पंचायत भवन शामिल हैं।
सतपाल महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार दूरस्थ क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 14,027 नए गांवों को सड़क मार्ग से जोड़ा जा चुका है। साथ ही, होम-स्टे जैसी योजनाओं के माध्यम से स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ‘स्लीप अंडर द स्टार्स’ जैसे नवाचारों के जरिए उत्तराखंड में एस्ट्रो-टूरिज्म को नई दिशा दी जा रही है, जिससे पर्यटन के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित हो रहे हैं।
महोत्सव के दौरान स्थानीय छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। वीर माधो सिंह भंडारी के जीवन पर आधारित नाटक को दर्शकों ने विशेष सराहना दी। कार्यक्रम में विधायक शक्तिलाल शाह, जिला प्रशासन के अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।