देहरादून। राजधानी में दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज वारदात ने कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। राजपुर रोड स्थित Silver City Mall के पास जिम से लौट रहे विक्रम शर्मा की तीन अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल है।
बताया जा रहा है कि हमलावर पहले से घात लगाए बैठे थे। जैसे ही विक्रम शर्मा वहां पहुंचे, आरोपियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
CCTV फुटेज आया सामने
घटना के बाद अब राजपुर रोड क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों की फुटेज सामने आई है, जिसमें तीन युवक वारदात के बाद तेजी से भागते नजर आ रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। संदिग्धों की तस्वीरें खंगाली जा रही हैं और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
सभी एंगल से जांच
सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और क्षेत्र को सील कर दिया गया। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश या कारोबारी विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।
राजधानी के व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े हुई इस हत्या से आम लोगों में भय का माहौल है। पुलिस ने जल्द खुलासे का दावा किया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।