रुद्रप्रयाग। जनपद में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्रैकडाउन’ अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर ने सभी थाना प्रभारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में सत्यापन अभियान, निरोधात्मक कार्रवाई और आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए।
एसपी ने बताया कि अब तक जनपद पुलिस द्वारा 227 बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया जा चुका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सत्यापन अभियान महज औपचारिकता न रहे, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति का पूर्ण विवरण थाना स्तर पर संकलित किया जाए। साथ ही राज्य एवं राष्ट्रीय पोर्टलों पर आपराधिक पृष्ठभूमि की गहन जांच कर संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। घुमंतू प्रवृत्ति के व्यक्तियों का विवरण सीसीटीएनएस पोर्टल के आईआईएफ-9 पर अनिवार्य रूप से अपलोड करने को भी कहा गया।
बैठक में ड्रग्स, सूखा नशा और अवैध शराब तस्करी के खिलाफ सख्त निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। एसपी ने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए एसपी ने बताया कि केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को खुलने प्रस्तावित हैं और तैयारियों के लिए लगभग दो माह का समय शेष है। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों की आवश्यकताओं का आंकलन कर अतिरिक्त संसाधनों की मांग समय से प्रस्तुत करने तथा यात्रा व्यवस्था को लेकर सुझाव एवं फीडबैक देने के निर्देश दिए गए। साथ ही थानों एवं चौकियों का स्वयं निरीक्षण कर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को कहा गया।
बैठक में पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग प्रबोध कुमार घिल्डियाल, पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी विकास पुंडीर, प्रतिसार निरीक्षक कैलाश शर्मा सहित सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे।