देहरादून:
उत्तराखंड की सियासत में बुधवार को एक अहम घटनाक्रम सामने आया है। उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा के वरिष्ठ सदस्य दिनेश चंद्र मास्टरजी ने संगठन से अपनी सदस्यता और सभी दायित्वों से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने की घोषणा कर दी है। उनके इस फैसले को संगठन के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।
मास्टरजी ने संगठन के अध्यक्ष बॉबी पंवार को संबोधित पत्र में स्पष्ट किया है कि 19 फरवरी 2026 से उन्हें उनके पद और जिम्मेदारियों से मुक्त समझा जाए। साथ ही उन्होंने अनुरोध किया है कि उनकी जिम्मेदारियां किसी अन्य उपयुक्त साथी को सौंप दी जाएं।
अपने पत्र में उन्होंने लिखा है कि उनका जुड़ाव हमेशा प्रदेश और प्रदेशवासियों के साथ रहा है और आगे भी वे प्रदेश हित के लिए सक्रिय रहेंगे। हालांकि, उन्होंने यह भी संकेत दिया कि अब वे राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर स्वतंत्र रूप से निर्णय लेकर कार्य करना चाहते हैं।
मास्टरजी ने संगठन द्वारा दिए गए सम्मान, जिम्मेदारियों और सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे इसके लिए आजीवन आभारी रहेंगे।
राजनीतिक गलियारों में इस फैसले के बाद चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। उनके इस्तीफे के पीछे संभावित कारणों को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं। फिलहाल संगठन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।