रुद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग के कोठगी गाँव के होनहार युवा अभिषेक नेगी ने कड़ी मेहनत, अनुशासन और अटूट संकल्प के दम पर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। Indian Military Academy की वर्ष 2026 बैच की अंतिम मेरिट सूची में अभिषेक ने ऑल इंडिया 6वीं रैंक प्राप्त कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है।
बताया जा रहा है कि भारतीय सेना में तीन वर्षों की सेवा के दौरान अभिषेक ने हर चुनौती का डटकर सामना किया। कठिन प्रशिक्षण, अनुशासित दिनचर्या और लक्ष्य के प्रति समर्पण ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया। उनकी सफलता यह साबित करती है कि सीमित संसाधनों के बावजूद पहाड़ का युवा बुलंद हौसलों के साथ राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकता है।
जैसे ही यह खबर कोठगी गाँव पहुँची, पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजनों की आंखों में गर्व के आँसू थे, वहीं ग्रामीणों ने मिठाइयाँ बांटकर और एक-दूसरे को बधाई देकर जश्न मनाया। स्थानीय लोगों ने अभिषेक की उपलब्धि को पहाड़ के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
ग्रामीणों का कहना है कि अभिषेक नेगी की यह सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अभिषेक भारतीय सेना में उत्कृष्ट सेवा देकर देश का नाम और ऊंचा करेंगे।