पौड़ी गढ़वाल | 20 फरवरी 2026
माननीय मुख्यमंत्री उत्तराखंड सरकार पुष्कर सिंह धामी के प्रस्तावित पौड़ी भ्रमण कार्यक्रम को लेकर जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। वीवीआईपी ड्यूटी के मद्देनज़र सुरक्षा व्यवस्था को अचूक बनाने के लिए पुलिस लाइन पौड़ी में व्यापक ब्रीफिंग आयोजित की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर ने सुरक्षा में तैनात समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि वीवीआईपी सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए और ड्यूटी के प्रति पूर्ण संवेदनशीलता बरती जाए।
3 घंटे पहले पहुंचने के निर्देश
अपर पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि वीवीआईपी आगमन से कम से कम तीन घंटे पूर्व सभी ड्यूटीरत अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने तैनाती स्थल पर पहुंचकर आसपास के क्षेत्रों की गहन जांच करें। किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि पाए जाने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचित करने को कहा गया।
ड्यूटी कार्ड व ब्रीफिंग अनिवार्य
सभी ड्यूटी प्रभारियों को अपने अधीनस्थ कर्मियों के ड्यूटी कार्ड अनिवार्य रूप से चेक करने तथा उन्हें ड्यूटी संबंधी दिशा-निर्देशों से भली-भांति अवगत कराने के निर्देश दिए गए।
मोबाइल फोन पर पूर्ण प्रतिबंध
ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। अधिकारियों को चेतावनी दी गई कि वीवीआईपी ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री के प्रशासनिक भ्रमण को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का दावा किया है, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।