त्रियुगीनारायण/रुद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग के त्रियुगीनारायण क्षेत्र में स्थानीय हस्तशिल्प और पर्यटन विकास को लेकर अहम पहल देखने को मिली। जिला पंचायत सदस्य त्रियुगीनारायण एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री अमित मैखंडी ने क्षेत्रीय शिल्पकार श्री उदय लाल द्वारा रिंगाल से निर्मित पारंपरिक फ्योली फूलों से सुसज्जित टोकरी भेंट कर स्थानीय कला और स्वरोजगार को प्रोत्साहन देने का संदेश दिया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में स्थानीय उत्पादों और हस्तशिल्प को बढ़ावा देने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। रिंगाल उद्योग पहाड़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है और इसे राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर बाजार उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
इसी क्रम में उन्होंने जिला पंचायत त्रियुगीनारायण क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नए पर्यटन स्थलों के सौंदर्यकरण एवं विकास के लिए संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में क्षेत्र के प्राकृतिक स्थलों, धार्मिक आस्था केंद्रों और ट्रेकिंग रूट्स को पर्यटन सर्किट से जोड़ने की मांग की गई। साथ ही सड़क, पार्किंग, शौचालय, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया।
अमित मैखंडी ने कहा कि त्रियुगीनारायण और आसपास का क्षेत्र धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि सुनियोजित ढंग से विकास और प्रचार-प्रसार किया जाए तो यह क्षेत्र स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार सृजन का बड़ा केंद्र बन सकता है।
उन्होंने कहा कि पर्यटन विकास के साथ-साथ स्थानीय कला, संस्कृति और हस्तशिल्प को भी समान महत्व दिया जाएगा, ताकि आत्मनिर्भर उत्तराखंड की परिकल्पना साकार हो सके।
इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।