श्रीनगर। उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, श्रीनगर में आयोजित कार्यक्रम में प्राथमिक विद्यालयों के लिए चयनित 81 सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने नवनियुक्त शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ दायित्व निभाने का आह्वान किया।
डॉ. रावत ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत और प्रभावी बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने जानकारी दी कि अब तक शिक्षा विभाग में लगभग 24 हजार नियुक्तियां दी जा चुकी हैं। विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करना और प्रत्येक स्कूल में आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों के प्रति भी प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की रुचि के अनुरूप खेल सामग्री उपलब्ध कराई जाए, ताकि छात्र-छात्राएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।
कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। इस दौरान मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल, जिला महामंत्री गणेश भट्ट, ब्लॉक प्रमुख अनिल भंडारी सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।