श्रीनगर से लगे धोबी घाट क्षेत्र में अगले तीन दिनों तक लगातार राइफल और पिस्टल की गोलीबारी की आवाज़ सुनाई देगी, लेकिन इसके लिए स्थानीय लोगों को घबराने की कोई जरूरत नहीं है। दरअसल यहां उत्तराखंड पुलिस की तीन दिवसीय राइफल–पिस्टल शूटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।
उत्तराखंड पुलिस के विभिन्न जिलों और वाहिनियों की कुल 15 टीमें इस प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रही हैं। प्रतियोगिता में 50 मीटर, 100 मीटर, 200 मीटर और 300 मीटर की शूटिंग स्पर्धाएं शामिल की गई हैं। हर वर्ष की तरह इस बार भी आयोजन एसएसबी केदार फायरिंग रेंज, श्रीनगर गढ़वाल में किया जा रहा है।
पौड़ी पुलिस इस प्रतियोगिता की मेजबानी कर रही है, लेकिन उसके पास अपना फायरिंग रेंज न होने के कारण कार्यक्रम एसएसबी के रेंज में आयोजित करना पड़ता है। फिलहाल जिले में पुलिस के लिए स्थायी फायरिंग रेंज हेतु भूमि चयन की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। उम्मीद है कि जल्द ही पुलिसकर्मियों को अपना प्रशिक्षण मैदान उपलब्ध हो सकेगा, जिससे वे अपनी स्किल में और निखार ला सकेंगे।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को नेशनल स्तर पर खेलने का अवसर मिलेगा।
शुक्रवार को प्रतियोगिता का शुभारंभ एसएसपी पौड़ी सर्वेश्वर पंवार ने किया। इस दौरान उन्होंने सभी प्रतिभागियों से अनुशासन बनाए रखते हुए प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी प्रतिभागी को प्रतियोगिता से बाहर किया जाएगा।