देहरादून:संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 में देहरादून की मीनल नेगी ने ऑल इंडिया 66वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। मीनल ने यह सफलता अपने दूसरे प्रयास में प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।मीनल नेगी मूल रूप से टिहरी जिले के चंबा की रहने वाली हैं। उनके पिता प्रीतम सिंह नेगी सरकारी शिक्षक हैं, जबकि माता गीता नेगी गृहिणी हैं। वर्तमान में उनका परिवार देहरादून के बंजारावाला स्थित मधुर विहार में निवास करता है।मीनल ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा चंबा से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने देहरादून के डीएवी पब्लिक स्कूल से 12वीं की परीक्षा 98 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की। पढ़ाई में शुरू से ही मेधावी रही मीनल ने यूपीएससी की तैयारी घर से ही ऑनलाइन माध्यम से की।उन्होंने बताया कि पहले प्रयास में वह प्रारंभिक परीक्षा पास नहीं कर सकीं, लेकिन उन्होंने अपनी गलतियों का विश्लेषण किया और रणनीति में सुधार किया। इसके बाद दूसरे प्रयास में कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास के दम पर उन्होंने यह बड़ी सफलता हासिल की।मीनल ने अन्य अभ्यर्थियों को सलाह देते हुए कहा कि लक्ष्य स्पष्ट होना चाहिए। नियमित पढ़ाई, निरंतर रिवीजन और असफलता से सीख लेकर आगे बढ़ने से ही सफलता प्राप्त की जा सकती है।मीनल की इस उपलब्धि पर उनके परिवार, शिक्षकों और क्षेत्रवासियों ने खुशी जताते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।