देहरादून:
देहरादून में दून पुलिस की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से एक व्यक्ति को नया जीवन मिल गया। थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर फंदा लगा लेने की सूचना पुलिस को मिली थी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए कमरे का दरवाजा तोड़ दिया। अंदर पहुंचने पर देखा कि व्यक्ति फंदे पर झूल रहा था और उसकी हालत बेहद गंभीर थी।
पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे फंदे से नीचे उतारा और मौके पर ही सीपीआर (CPR) देकर उसकी सांसें वापस लाने की कोशिश की। कुछ ही देर में व्यक्ति की सांसें लौट आईं।
इसके बाद एंबुलेंस का इंतजार करने के बजाय पुलिसकर्मी उसे अपनी मोटरसाइकिल से तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने समय रहते उपचार कर उसकी जान बचा ली।
इस पूरे घटनाक्रम में कांस्टेबल हितेश कुमार और कांस्टेबल बृजमोहन कनवासी ने बहादुरी, सूझबूझ और मानवता का परिचय देते हुए व्यक्ति की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।
पुलिस की इस त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई की मौके पर मौजूद लोगों और परिजनों ने भी जमकर सराहना की। लोगों का कहना है कि यदि पुलिस समय पर न पहुंचती तो बड़ा हादसा हो सकता था।