पौड़ी एक बार फिर खेल और उत्साह की चमक से जगमगा उठा है। शहर की पुरानी रौनक को वापस लाने की जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की पहल अब जमीन पर असर दिखा रही है। साहसिक गतिविधियों, पर्यटन और खेल आयोजनों को जोड़ने की उनकी रणनीति से पौड़ी का बदला हुआ चेहरा साफ नज़र आने लगा है।
इसी क्रम में कंडोलिया मैदान में चार दिवसीय राज्य स्तरीय आमंत्रण फुटबॉल प्रतियोगिता 2025 का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन मौके पर डीएम स्वाति एस. भदौरिया और नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और परंपरागत अंदाज़ में गेंद को किक मारकर मुकाबलों की शुरुआत की।
ढोल–नगाड़ों की गूंज, पारंपरिक स्वागत और उत्साहित दर्शकों की भीड़ ने कार्यक्रम में अलग ही रंग भर दिया। मैदान में युवा खिलाड़ियों का जोश और स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति ने यह साफ कर दिया कि पौड़ी एक बार फिर खेलों के नए दौर की ओर बढ़ रहा है।
यह आयोजन सिर्फ एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि पौड़ी की बदलती पहचान और उभरती ऊर्जा का प्रतीक बन चुका है।