देहरादून।जनपद रुद्रप्रयाग के फाटा क्षेत्र में युवाओं को तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) खोलने की मांग उठाई गई है। इस संबंध में प्रदेश मंत्री युवा मोर्चा भाजपा एवं जिला पंचायत सदस्य अमित मैखंडी ने देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन के माध्यम से अमित मैखंडी ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि फाटा और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में युवा तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा प्राप्त करना चाहते हैं, लेकिन क्षेत्र में आईटीआई संस्थान न होने के कारण उन्हें पढ़ाई के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख करना पड़ता है। ऐसे में यदि फाटा में आईटीआई की स्थापना की जाती है तो स्थानीय युवाओं को तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा और रोजगार के नए रास्ते भी खुलेंगे।उन्होंने कहा कि आईटीआई की स्थापना से न केवल युवाओं के कौशल विकास को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि इससे क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।इस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मांग को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को विषय का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को तकनीकी शिक्षा और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।अंत में अमित मैखंडी ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि सरकार के सकारात्मक सहयोग से फाटा क्षेत्र में जल्द ही आईटीआई की स्थापना का मार्ग प्रशस्त होगा, जिससे क्षेत्र के युवाओं को शिक्षा और स्वरोजगार के नए अवसर मिल सकेंगे।