📝 पौड़ी से बड़ी खबर:पौड़ी जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धुमाकोट पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के अंतर्गत पुलिस ने 11 किलो 680 ग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 5.85 लाख रुपये बताई जा रही है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर जिलेभर में नशे के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर एवं क्षेत्राधिकारी निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष धुमाकोट सुनील पंवार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।18 मार्च 2026 की शाम दिगोलीखाल बाजार क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस को सड़क किनारे दो बैगों के साथ एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। तलाशी लेने पर दोनों बैगों से कुल 11.68 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुमित शर्मा (42 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय श्याम प्रसाद शर्मा, निवासी पशुपति विहार, काशीपुर, जिला ऊधमसिंहनगर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गांजा अल्मोड़ा जिले के बंदरकोट क्षेत्र से खरीदकर लाया था और काशीपुर में बेचने की योजना बना रहा था।इस संबंध में थाना धुमाकोट में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है और सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।