श्रीनगर (गढ़वाल):
आगामी 2027 विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने रामलीला मैदान के समीप महानगर कांग्रेस के नए कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया।
उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए, जिससे पूरे कार्यक्रम में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस दौरान कार्यकर्ताओं में आगामी चुनावों को लेकर खासा जोश नजर आया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गणेश गोदियाल ने कार्यकर्ताओं से अभी से सक्रिय होकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना और पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाना ही जीत की कुंजी होगी।
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस लगातार जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रही है और आने वाले समय में जनता का समर्थन पार्टी के पक्ष में जाएगा। कार्यक्रम में मौजूद स्थानीय नेताओं ने भी संगठन को मजबूत करने का संकल्प दोहराया।
नए कार्यालय के शुरू होने से श्रीनगर महानगर क्षेत्र में कांग्रेस की राजनीतिक गतिविधियों को और गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।