श्रीनगर (गढ़वाल):हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के समाज कार्य विभाग की छात्रा प्रियंका खत्री ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है।प्रियंका ने हाल ही में आयोजित राष्ट्रीय भाषण प्रतियोगिता में उत्कृष्ट वक्तृत्व कौशल का प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान प्राप्त किया। इससे पहले वह नॉर्थ जोन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर चुकी थीं, जिसके आधार पर उनका चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ था।चेन्नई में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में प्रियंका ने अपने प्रभावशाली भाषण से निर्णायकों और श्रोताओं को प्रभावित किया और तीसरा स्थान अपने नाम किया।विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. ओपी. गुसाईं ने प्रियंका की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी सफलताएं अन्य छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत होती हैं। उन्होंने बताया कि नॉर्थ जोन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को विश्वविद्यालय की ओर से ट्रैक सूट देकर सम्मानित भी किया गया।इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शिक्षकों और छात्रों ने प्रियंका को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।