देहरादून। शुक्रवार को हाथीपांव पैदल मार्ग के समीप एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। घटना की सूचना मिलते ही SDRF उत्तराखंड की टीम ने मौके पर पहुंचकर त्वरित राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।आपदा कंट्रोल रूम, देहरादून से सूचना प्राप्त होते ही सहस्त्रधारा से अपर उप निरीक्षक मनोज जोशी के नेतृत्व में SDRF टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। टीम ने मौके पर पहुंचकर चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।रेस्क्यू के दौरान खाई में गिरे एक युवक और एक युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दोनों को हल्की चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घायलों की पहचान भार्गव शर्मा (24), निवासी पंडितवाड़ी, देहरादून और दिशा रावल (24), निवासी प्रेमनगर, देहरादून के रूप में हुई है।बताया जा रहा है कि वाहन में एक अन्य युवक भी सवार था। SDRF टीम द्वारा की गई गहन सर्चिंग में पता चला कि वह युवक वाहन और चट्टान के बीच फंसा हुआ है। वाहन खाई में अत्यंत जोखिमपूर्ण स्थिति में लटका हुआ है, जिससे रेस्क्यू अभियान और भी जटिल हो गया है।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा क्रेन की व्यवस्था की जा रही है। SDRF की टीम मौके पर डटी हुई है और लगातार राहत एवं बचाव कार्य जारी है।