पौड़ी–पैडुल मार्ग पर सड़कों की मरम्मत तेज, डीएम के निर्देशों पर शुरू हुआ हॉटमिक्स कार्य
पौड़ी गढ़वाल की जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया द्वारा हाल ही में किए गए औचक निरीक्षण और सख्त निर्देशों का असर अब मैदानी स्तर पर साफ दिखने लगा है। उनके आदेश के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-534 पर पौड़ी से सतपुली के बीच पैडुल के पास हॉटमिक्स से गड्ढों को भरने का काम शुरू कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की “गड्ढामुक्त सड़कें” अभियान को गति देते हुए जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को मरम्मत कार्य में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही न करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खराब हिस्सों की मरम्मत के लिए हॉटमिक्स प्लांट की मदद से कार्य प्रारंभ कर दिया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुधार कार्यों की गुणवत्ता पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को आदेशित किया है कि प्रत्येक कार्य की फोटोग्राफिक रिपोर्ट तैयार की जाए और जिला कार्यालय में प्रस्तुत की जाए, ताकि प्रगति की वास्तविक स्थिति की नियमित रूप से समीक्षा की जा सके। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि आगामी निरीक्षणों में यदि किसी प्रकार की कमी या लापरवाही पाई जाती है, तो जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई तय होगी।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन की त्वरित पहल की सराहना की है। जनता का कहना है कि यदि इसी गति से कार्य चलता रहा, तो जल्द ही पूरा मार्ग सुगम, सुरक्षित और गड्ढामुक्त बनकर तैयार हो जाएगा।