युवाओं ने डिज़ाइन किया आधुनिक डाकघर, डिजिटल सुविधाओं के साथ पारंपरिक सेवाओं को मिलेगा नया आयाम
पौड़ी, 01 दिसंबर 2025:
उत्तराखंड का पहला जेन-जी (Zen-Z) पोस्ट ऑफिस सोमवार को घुड़दौड़ी स्थित गोविंद बल्लभ पंत इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में शुरू हो गया। इसका शुभारंभ मुख्य पोस्टमास्टर जनरल (सीपीएमजी) उत्तराखंड शशि शालिनी कुजूर और कॉलेज निदेशक डॉ. विजय कुमार बंगा ने संयुक्त रूप से किया।
यह अत्याधुनिक पोस्ट ऑफिस युवाओं की सोच, आधुनिक तकनीक और डिजिटल नवाचार को ध्यान में रखते हुए विशेष तौर पर डिजाइन किया गया है। इसकी सबसे खास बात यह है कि इसका पूरा इंटीरियर, थीम ग्राफिक्स और डिज़ाइन खुद कॉलेज के छात्रों ने तैयार किया है।
“युवाओं के लिए तैयार भविष्य का डाकघर” — CPMG शशि शालिनी कुजूर
उद्घाटन के दौरान सीपीएमजी शशि शालिनी कुजूर ने कहा कि भारतीय डाक सेवा विश्वसनीयता की सबसे पुरानी संस्थाओं में से एक है, और अब इसे जेन-जी मॉडल के रूप में आधुनिक स्वरूप दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यह पोस्ट ऑफिस केवल सेवा केंद्र नहीं, बल्कि युवा छात्रों के लिए एक ऐसा इंटरएक्टिव प्लेटफॉर्म होगा जहाँ वे—
डिजिटल लेन-देन
वित्तीय सेवाओं की प्रक्रिया
संचार व्यवस्था
डाक सेवाओं के आधुनिकीकरण
को व्यावहारिक रूप से समझ सकेंगे।
डिजिटल और पारंपरिक सुविधाएँ एक साथ
जेन-जी पोस्ट ऑफिस में छात्रों और आम जनता के लिए कई आधुनिक सेवाएँ उपलब्ध होंगी, जैसे—
माई-स्टाम्प काउंटर
पार्सल बुकिंग एवं पैकेजिंग
पीपीएफ, आईपीपीबी जैसी वित्तीय सेवाएँ
विशेष साप्ताहिक/पाक्षिक परामर्श शिविर
स्पीड पोस्ट पर छात्रों के लिए 10% की छूट
आधार अपडेट/एनरोलमेंट
डिजिटल बचत योजनाएँ
परीक्षा फॉर्म भेजने व शिक्षण सामग्री पार्सल सुविधा
डिजिटल वित्तीय साक्षरता प्रशिक्षण
अधीक्षक डाकघर दीपक शर्मा के अनुसार यह केंद्र छात्रों को सरकारी सेवाओं से जोड़ने का एक “जीवंत मॉडल” बनेगा।
कॉलेज परिसर में छात्रों के लिए आधुनिक सुविधाएँ
जेन-जी पोस्ट ऑफिस में युवाओं को ध्यान में रखते हुए विशेष सुविधाएँ भी तैयार की गई हैं, जिनमें—
फ्री वाई-फाई
कैफेटेरिया
आरामदायक बैठने की व्यवस्था
त्वरित सेवा सहायता
छात्र-मैत्री डिजिटल काउंटर
शामिल हैं। इससे यह पोस्ट ऑफिस पारंपरिक डाकघरों से बिल्कुल अलग पहचान प्राप्त करता है।
“व्यक्तित्व विकास और नवाचार का केंद्र” — निदेशक डॉ. बंगा
कॉलेज निदेशक डॉ. विजय कुमार बंगा ने कहा कि जेन-जी पोस्ट ऑफिस छात्रों को नवाचार, प्रबंधन, संचार कौशल और सामाजिक उत्तरदायित्व सीखने का अवसर देगा।
उन्होंने कहा कि छात्र ऊँचे लक्ष्य तय करें और उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करते रहें।
छात्रों ने खुद सजाया पोस्ट ऑफिस — रचनात्मकता का अनोखा उदाहरण
पोस्ट ऑफिस के आंतरिक एवं बाहरी डिज़ाइन—
आधुनिक वाल-पेंटिंग
थीम आधारित ग्राफिक्स
प्रतीकात्मक कलाकारी
युवा प्रेरित कलर-थीम
पूरी तरह कॉलेज के छात्रों ने तैयार किए। यह जेन-जी सोच और तकनीकी रचनात्मकता का बेहतरीन उदाहरण माना जा रहा है।
उपस्थित अधिकारी
उद्घाटन कार्यक्रम में वरिष्ठ प्रबंधक दीपक मेहरा, एसओडी सीएस जीबीपीआईईटी प्रीति टम्टा, डाक निरीक्षक रुपेश मलियाल, सुशील राज, अशोक पाठक सहित विभिन्न अधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।