लक्ष्मणझूला/पौड़ी:
जनपद पौड़ी के पुलिस कप्तान सर्वेश पंवार के निर्देशों के तहत थाना क्षेत्रों में छात्र–छात्राओं को साइबर सुरक्षा, लैंगिक अपराध, नशीले पदार्थों के दुष्प्रभाव एवं नए कानूनों की जानकारी देने के क्रम में आज थाना लक्ष्मणझूला पुलिस की ओर से गीता बाल विद्यालय, गीता आश्रम स्वर्गाश्रम जोंक में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में थानाध्यक्ष संतोष पैथवाल ने गुरुकुल के वेदपाठी छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए साइबर सुरक्षा, डिजिटल अरेस्ट, बाल अपराध और मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बदलते डिजिटल दौर में बच्चों को साइबर अपराधों की रोकथाम और सुरक्षित इंटरनेट व्यवहार के बारे में जागरूक होना बेहद आवश्यक है, ताकि वे भविष्य में कानूनी रूप से समझदार नागरिक बन सकें।
थानाध्यक्ष ने नौनिहालों को नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा अपने उज्ज्वल भविष्य पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी। इसी के साथ विद्यालय प्रबंधन व आचार्यों को साइबर सुरक्षा जागरूकता पुस्तिका भेंट की गई और आग्रह किया गया कि समय-समय पर इन विषयों पर विशेष कक्षाओं के माध्यम से छात्रों को जागरूक किया जाए।
कार्यक्रम में पुलिस टीम द्वारा छात्रों को जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए गए तथा बच्चों से आग्रह किया गया कि इन्हें वे व्हाट्सएप स्टेटस के माध्यम से भी साझा करें, ताकि व्यापक स्तर पर साइबर अपराध, महिला अपराध और बाल सुरक्षा संबंधी जानकारी आमजन तक पहुंच सके।
विद्यालय के संरक्षक प्रो. डॉ. दीपक गुप्ता ने थानाध्यक्ष द्वारा की गई कानूनी चर्चा को महत्वपूर्ण बताते हुए पुलिस विभाग का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में आचार्यगण सुभाष डोभाल, राजीव लोचन, सतीश डोभाल, आशा रावत, वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी विनोद जुगलान, भानु मित्र शर्मा सहित पुलिस टीम से उप निरीक्षक प्रकाश पोखरियाल, अपर उप निरीक्षक राहुल ठाकुर एवं सुनील राठी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन आचार्य सुभाष डोभाल द्वारा किया गया।