पौड़ी/01 दिसंबर 2025।
विश्व एड्स दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से जनता इंटर कॉलेज परसुंडाखाल में विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र–छात्राओं और स्थानीय नागरिकों को एचआईवी/एड्स से जुड़े मिथकों, संक्रमण के वास्तविक कारणों, रोकथाम उपायों और संक्रमित व्यक्तियों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव नाज़िश कलीम ने कहा कि समाज में अब भी एड्स से संबंधित कई भ्रांतियाँ फैली हुई हैं, जिन्हें वैज्ञानिक तथ्यों और निरंतर जागरूकता के माध्यम से ही दूर किया जा सकता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि एचआईवी/एड्स से प्रभावित हर व्यक्ति के मौलिक अधिकार सुरक्षित हैं और किसी भी तरह का भेदभाव कानूनन अस्वीकार्य है।
सचिव ने विद्यार्थियों को निःशुल्क विधिक सहायता सेवाओं, सामाजिक कल्याणकारी योजनाओं और नालसा हेल्पलाइन 15100 के माध्यम से त्वरित विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी।
शिविर के दौरान प्रतिभागियों ने सक्रियता दिखाते हुए कई प्रश्न पूछे और जागरूकता संदेश को समाज तक फैलाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के डॉक्टर सुमित एवं डॉक्टर कंचन, जिला तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम की समन्वयक श्वेता गुसाईं, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल विनोद कुमार, विद्यालय की प्रधानाचार्या अंजू, अधिकार मित्र सावित्री देवी व मनोज पाल सहित विद्यालय के शिक्षक–शिक्षिकाएँ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।