कोटद्वार/पौड़ी, 02 दिसंबर 2025।
कोटद्वार नगर क्षेत्र में एडीबी-सहायतित पाइपलाइन परियोजना की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने सख्त नाराज़गी जताते हुए सभी संबंधित विभागों को तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने निर्माणाधीन दस वार्डों में खुदाई के कारण अधर में पड़ी सड़कों को फौरन पूर्व स्थिति में लाने, कार्य की दैनिक मॉनिटरिंग, और गुणवत्ता सुनिश्चित करने का आदेश दिया है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में लापरवाही तथा इसमें हो रही देरी के कारण जनता को हो रही परेशानी किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने परियोजना का स्थल निरीक्षण करते हुए विभागीय अधिकारियों को चेतावनी दी कि यदि कार्य की गति में सुधार नहीं हुआ तो कार्रवाई तय है।
10 वार्डों में कार्य प्रगति पर, दैनिक रिपोर्ट अनिवार्य
यूयूएसडीए द्वारा कोटद्वार नगर निगम के 23 वार्डों में पेयजल पाइपलाइन बिछाने का काम चल रहा है, जिनमें से 10 वार्डों में निर्माण गतिविधियाँ जारी हैं। डीएम ने उपजिलाधिकारी को निर्देश दिया कि हर वार्ड की दैनिक समीक्षा रिपोर्ट फोटो सहित उपलब्ध कराई जाए, ताकि कार्य की वास्तविक स्थिति स्पष्ट रहे।
सड़कों पर छोड़ा मलबा हटाने, सुपरवाइजर नंबर सार्वजनिक करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कई जगहों पर सड़क पर फैले निर्माण मलबे और अधूरी फिलिंग पर नाराज़गी जताई।
उन्होंने निर्देश दिए कि—
निर्माण सामग्री और मलबा तुरंत हटाया जाए
कार्यस्थलों पर संबंधित सुपरवाइजरों के मोबाइल नंबर स्पष्ट रूप से चस्पा हों
वार्ड-वार दैनिक कार्ययोजना तैयार कर लोक निर्माण विभाग के साथ साझा की जाए
धीमे या दोषपूर्ण कार्यों पर तुरंत सुधारात्मक कार्रवाई की जाए
वार्ड 22 व कॉलेज रोड पर विशेष निर्देश
वार्ड 22 (सिमलचौड़–गणेश कॉलोनी) में सड़क पर पड़ी निर्माण सामग्री और अधूरी सीसी फिलिंग को देखकर डीएम ने इसे तत्काल प्राथमिकता में पूरा करने को कहा।
वहीं कॉलेज रोड और शहीद सुशीला देवी मार्ग (वार्ड 18) में स्थानीय नागरिकों की शिकायतें सुनने के बाद उन्होंने शहरी विकास विभाग, लोनिवि, राजस्व और नगर निगम को दैनिक निगरानी के निर्देश दिए।
अर्पित जनरल स्टोर के पास लीक हो रही पाइप लाइन को भी तुरंत ठीक करने के आदेश दिए गए।
अधिकारियों की मौजूदगी
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी शालिनी मौर्य, प्रोजेक्ट मैनेजर यूयूएसडीए जतिन सिंह सैनी, सहायक अभियंता सुमित कुमार, लोकेश कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।