पौड़ी/03 दिसंबर 2025:
बाल विकास परियोजना कल्जीखाल के तहत राजकीय इंटर कॉलेज मुंडनेश्वर में बुधवार को “अफसर बिटिया” कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को उच्च शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सुरक्षित भविष्य के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के लिए “मेरे सपनों की उड़ान” विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके साथ ही सभी बच्चों को प्रोत्साहन स्वरूप कॉपी और पेन वितरित किए गए।
सीडीपीओ सुषमा रावत ने बालिकाओं को शिक्षा एवं करियर के महत्व के बारे में प्रेरित किया। सुपरवाइज़र सुनीता तोपवाल, माया राणा, कनिष्ठ सहायक महाराज सिंह रावत, वन स्टाफ सेंटर से अमृता रावत और चिकित्सा अधिकारी डॉ. ऐश्वर्या आनंद ने भी बालिकाओं को विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने और उनके सपनों को नई दिशा देने का माध्यम बनते हैं।