पौड़ी/05 दिसंबर 2025:
विकासखंड कोट के कार्यालय परिसर में समाज कल्याण विभाग एवं जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र द्वारा बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी शिव सिंह भंडारी ने की। शिविर में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
शिविर के दौरान सहायक समाज कल्याण अधिकारी पंकज मैंदोली ने विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र के नोडल अधिकारी एवं ग्रामीण क्षेत्र विकास समिति रानीचौरी के परियोजना निदेशक धर्मेंद्र पंवार ने बताया कि विकासखंड कोट में अब तक 346 दिव्यांगजनों के यूडीआईडी कार्ड बनाए जा चुके हैं, जबकि शेष लाभार्थियों के कार्ड बनाने की प्रक्रिया तेजी से जारी है।
शिविर में विभाग द्वारा दो दिव्यांगजन को कृत्रिम उपकरण वितरित किए गए। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने चार दिव्यांगजनों को दिव्यांग प्रमाणपत्र जारी किए, जिससे उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में आसानी होगी।
मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख गणेश कोली ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे ऐसी शिविर गतिविधियों में अधिक संख्या में भाग लेकर अपनी समस्याओं का निराकरण इसी मंच पर कराएं। वहीं ज्येष्ठ प्रमुख उपेंद्र भट्ट ने शिविर के सफल आयोजन पर विभागों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अधिक प्रचार-प्रसार से और अधिक लोग लाभान्वित हो सकते हैं।
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।