पौड़ी/07 दिसंबर 2025:
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया द्वारा 02 दिसंबर को कोटद्वार नगर क्षेत्र में एडीबी सहायतित पाइपलाइन परियोजना के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों के विस्तृत स्थलीय निरीक्षण का सकारात्मक असर अब दिखने लगा है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सड़कों की खुदाई से नगरवासियों को हो रही परेशानियों का संज्ञान लेते हुए कार्यदायी संस्था को तत्काल सड़कों को पूर्व स्थिति में लाने के निर्देश दिए थे।
उनके निर्देशों के बाद मरम्मत कार्यों में उल्लेखनीय तेजी देखने को मिली है। निर्माणदायी संस्था द्वारा खोदी गई कुल लगभग 85 किलोमीटर सड़क में से 25 किलोमीटर हिस्से की मरम्मत पूरी कर ली गई है।
कई वार्डों में मरम्मत कार्य जारी
वार्ड संख्या 17, 18, 19, 20, 23 और 26 में सीसी मरम्मत कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि शेष सड़कों पर भी काम को गति दी गई है, ताकि निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी मार्गों को पूर्ववस्थित किया जा सके।
मुख्य मार्गों पर भी तेजी से कार्य प्रगति पर
राष्ट्रीय राजमार्ग–138 पर
लालपुर–कलालघाटी–नयाबाद मोटर रोड तक 1.10 किमी
शिवपुर चौराहा से कंडारी शॉप मोटर रोड तक 0.900 किमी
पर बिटुमिनस रोड निर्माण कार्य तीव्र गति से जारी है।
शिकायत निस्तारण को लेकर विशेष व्यवस्था
जिलाधिकारी के निर्देशों पर कार्यदायी संस्था द्वारा नगरवासियों की सहूलियत के लिए शिकायत एवं सुझाव से संबंधित नंबरों वाले बैनर विभिन्न स्थानों पर लगाए जा रहे हैं। जिलाधिकारी स्वयं कार्यों की दैनिक रिपोर्ट प्राप्त कर प्रगति की सतत निगरानी कर रही हैं।