पौड़ी, 08 दिसंबर 2025।
जनपद पौड़ी में बढ़ते मानव-वन्यजीव संघर्ष को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर शासन स्तरीय अधिकारियों का उच्चस्तरीय दल मंगलवार को पौड़ी पहुंचा। टीम ने हाल ही में गुलदार के हमले में मृत राजेंद्र नौटियाल के परिजनों से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं और राहत स्वरूप मुआवजे की अग्रिम राशि का चेक सौंपा।
दौरे में प्रमुख वन सचिव आर.के. सुधांशु, आयुक्त गढ़वाल विनय शंकर पांडे, प्रमुख वन संरक्षक, तथा प्रशासनिक अधिकारियों ने गजल्ड गांव का निरीक्षण किया और घटनास्थल पर वन विभाग द्वारा किए जा रहे निस्तारण कार्यों की समीक्षा की। प्रमुख वन सचिव ने जिला प्रशासन, वन विभाग और स्थानीय ग्रामीणों के त्वरित सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि
“मानव-वन्यजीव संघर्ष का समाधान शासन-प्रशासन और जनसहभागिता के संयुक्त प्रयासों में निहित है।”
स्थानीय निवासियों से संवाद – सुझावों पर तत्काल कार्रवाई
सत्यखाल गांव में प्रमुख वन सचिव ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। प्रभावित क्षेत्र के प्रतिनिधिमंडल ने विकास भवन में मुलाकात कर कई सुझाव प्रस्तुत किए, जिनमें शामिल थे—
क्षेत्र से परिचित स्थानीय ग्रामीणों को निस्तारण दल में शामिल करना
दो निजी शूटरों की अनुमति
प्री-रिकॉर्डेड ऑडियो मैसेज से जनजागरूकता
प्रमुख वन सचिव ने सभी बिंदुओं पर तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही दिशा-निर्देश जारी किए।
मानव-वन्यजीव संघर्ष न्यूनीकरण पर विस्तृत समीक्षा बैठक
विकास भवन सभागार में हुई बैठक में प्रमुख वन सचिव ने निर्देश दिया कि—
प्रत्येक रेंज स्तर पर नियमित प्रभागीय दिवस आयोजित किए जाएं
‘क्या करें–क्या न करें’ आधारित जनजागरूकता सामग्री शीघ्र वितरित की जाए
रेंज व वन पंचायत स्तर पर व्हाट्सएप ग्रुप और विभागीय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का उपयोग सूचना प्रसार के लिए बढ़ाया जाए
वन्यजीव गतिविधियों पर त्वरित प्रतिक्रिया के लिए प्रभावी तंत्र विकसित किया जाए
इसके साथ ही झाड़ी कटान अभियान को LMD, जिला पंचायत और नगर पालिका की संयुक्त कार्यवाही से व्यवस्थित रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने आश्वस्त किया कि आवश्यकता होने पर अतिरिक्त धनराशि शासन उपलब्ध कराएगा।
आयुक्त गढ़वाल और जिलाधिकारी का बयान
आयुक्त विनय शंकर पांडे ने कहा कि मानव-वन्यजीव संघर्ष संवेदनशील विषय है, जिसमें त्वरित कार्रवाई और समुदाय का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बताया कि प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्रों में विद्यालयों व आंगनबाड़ियों के समय में परिवर्तन किया गया है, पशुपालकों के लिए चारा व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु विभाग को निर्देशित किया गया है, और वन विभाग के साथ संयुक्त रूप से जागरूकता व झाड़ी कटान अभियान चलाया जा रहा है।
इन अधिकारी रहे मौजूद
दौरे और बैठक के दौरान प्रमुख वन संरक्षक (HOF) रंजन कुमार मिश्र, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, मुख्य वन संरक्षक धीरज पांडे, वन संरक्षक आकाश वर्मा, डीएफओ गढ़वाल अभिमन्यु सिंह, डीएफओ लैंसडौन जीवन मोहन दगाड़े, डीएफओ कालागढ़ तरुण एस, अपर जिलाधिकारी अनिल गर्ब्याल, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।