गंगा समिति की बैठक में विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के आदेश
पौड़ी, 09 दिसंबर 2025:
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में मंगलवार को एनआईसी कक्ष में नमामि गंगे समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी विभागों को स्वच्छ गंगा मिशन के तहत निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि पौड़ी–श्रीनगर मार्ग पर लीगेसी वेस्ट के निस्तारण को सैद्धांतिक स्वीकृति मिल चुकी है। इसके लिए उन्होंने नगर पालिका पौड़ी को शीघ्र टेंडर प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि शहर को गंदगी से राहत मिल सके। साथ ही नगरपालिका को ठोस अपशिष्ट निस्तारण हेतु उपयुक्त भूमि चयन करने के भी आदेश दिए गए।
जिलाधिकारी ने बताया कि थलीसैंण में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन संयंत्र के लिए भी सैद्धांतिक स्वीकृति मिल चुकी है। उन्होंने जल्द टेंडर प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। औद्योगिक क्षेत्रों में अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर उन्होंने जिला उद्योग विभाग को सिडकुल क्षेत्र का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि कोई भी औद्योगिक इकाई नदियों में अवैध रूप से अपशिष्ट न डाले।
कोटद्वार में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का कार्य शुरू होने की जानकारी देते हुए जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त कोटद्वार और प्रोजेक्ट मैनेजर गंगा को संयुक्त निरीक्षण कर कार्य प्रगति सुनिश्चित करने को कहा।
नगर निगम श्रीनगर को सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लान की प्रक्रिया को गति देने के निर्देश दिए गए।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जिलाधिकारी ने जिला विकास अधिकारी को कूड़ा संग्रहण प्वॉइंट स्थापित करने और नगर क्षेत्रों के बाहर कूड़ा वाहनों की फ्रीक्वेंसी बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कूड़ा वाहनों के मार्ग निर्धारण और कार्ययोजना बनाने पर भी जोर दिया, ताकि स्रोत पर कूड़ा पृथक्करण सुचारु रूप से लागू हो सके।
बायोमेडिकल वेस्ट की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारियों को सभी चिकित्सालयों का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पतालों से उत्पन्न अपशिष्ट का वैज्ञानिक और सुरक्षित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को अब तक की गई कार्यवाही की अनुपालन आख्या प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने विभागीय समन्वय बढ़ाने, निकायों को प्रशिक्षण देने, जागरूकता बढ़ाने, कूड़ा उठाने से जुड़ी टेंडर प्रक्रिया, कॉम्पेक्टर व्यवस्था और अन्य आवश्यक कार्रवाइयों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
साथ ही स्वजल एवं पंचायतीराज विभाग को कूड़ा निस्तारण से जुड़ी लिस्टिंग तैयार करने का आदेश दिया गया, जबकि जिला पंचायत को नीलकंठ मंदिर के पास डंप कूड़े का निरीक्षण कर इसके निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश मिले।
बैठक में जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, एसीएमओ डॉ. पारुल गोयल, एसडीओ वन आयशा बिष्ट, जिला पंचायतीराज अधिकारी जितेंद्र कुमार, पीएम स्वजल दीपक रावत, मुख्य कार्याधिकारी जिला पंचायत भावना रावत, नगरपालिका ईओ पौड़ी गायत्री बिष्ट समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।