रुद्रप्रयाग।
जनपद के छोटे से गाँव कोठगी के युवा अभिषेक नेगी (जग्गी) ने इंडियन मिलिट्री अकादमी (IMA) देहरादून की अंतिम मेरिट सूची में ऑल इंडिया रैंक 6 हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी यह उपलब्धि न केवल परिवार बल्कि पूरे जनपद के लिए गर्व का विषय बन गई है।
अभिषेक ने भारतीय सेना में बीते तीन वर्षों की सेवा के दौरान कठिन भौगोलिक परिस्थितियों, प्रतिकूल मौसम और लगातार मिलिट्री चैलेंजेज के बीच खुद को साबित किया। हर प्रशिक्षण, मूल्यांकन और परीक्षा में उन्होंने अपने अनुशासन और संकल्प का परिचय दिया। इन्हीं उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन IMA देहरादून के 1 जनवरी 2026 बैच में हुआ है, जहाँ से भावी सेना अधिकारी तैयार होते हैं।
मेरिट लिस्ट जारी होने के बाद जैसे ही यह खबर गाँव पहुँची, कोठगी समेत पूरे क्षेत्र में जश्न का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने अभिषेक की इस सफलता को पहाड़ के युवाओं के लिए प्रेरणा बताते हुए कहा कि उनकी मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति आने वाली पीढ़ी के लिए एक मिसाल है।
परिवार के सदस्यों ने कहा कि अभिषेक बचपन से ही अनुशासनप्रिय और देशसेवा के लिए समर्पित रहे हैं। उनकी कामयाबी से घर में खुशी का वातावरण है और लगातार बधाइयाँ मिल रही हैं।
अभिषेक नेगी की इस उपलब्धि ने एक बार फिर साबित किया है कि पहाड़ के युवा कठिन परिस्थितियों के बावजूद भी बड़े सपनों को हासिल करने की क्षमता रखते हैं।