डागर पट्टी के बैंज्वाड़ी गांव में भीषण आग, राकेश नेगी का पूरा घर जलकर खाक — जनप्रतिनिधियों ने पहुंचकर ढांढस बंधाया, प्रशासन से मुआवजे की मांग
कीर्तिनगर/डागर पट्टी। बैंज्वाड़ी गांव में देर रात अचानक लगी भीषण आग ने कोहराम मचा दिया। आग इतनी तेज थी कि बड़े भाई राकेश नेगी के मकान को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास में जुट गए, लेकिन आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि घर को बचाया नहीं जा सका। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन परिवार का वर्षों की मेहनत से जुटाया गया पूरा सामान जलकर खाक हो गया।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे जनप्रतिनिधियों ने परिवार को सांत्वना दी और इस कठिन घड़ी में हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन को तत्काल नुकसान का आकलन कर पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा प्रदान करना चाहिए।
साथ ही उप जिलाधिकारी कीर्तिनगर और तहसीलदार से भी संपर्क कर परिवार को आवश्यक सहायता, राहत सामग्री और त्वरित आर्थिक मदद उपलब्ध कराने की मांग रखी गई।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से आग्रह किया है कि प्रभावित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता दी जाए, ताकि वे पुनः अपने घर का निर्माण कर सामान्य जीवन में लौट सकें।