पौड़ी गढ़वाल।
जनपद में कानून-व्यवस्था एवं जनसुरक्षा को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पौड़ी पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी श्री सर्वेश पंवार के दिशा-निर्देशन में बुधवार को थाना लक्ष्मणझूला क्षेत्र में “कालनेमी अभियान” के तहत एक वृहद सत्यापन अभियान चलाया गया।
इस विशेष अभियान के दौरान लक्ष्मणझूला क्षेत्र में निवासरत तथा साधु-संत/बाबा के वेश में रह रहे व्यक्तियों का व्यापक एवं गहन सत्यापन किया गया। अभियान के अंतर्गत संदिग्ध परिस्थितियों में पाए गए तथाकथित बाबाओं व साधु-संतों को थाना लक्ष्मणझूला लाया गया, जहां उनकी पहचान, व्यक्तिगत विवरण, निवास संबंधी दस्तावेज, पूर्व आपराधिक पृष्ठभूमि तथा क्षेत्र में निवास की वैधता की नियमानुसार जांच की गई।
पुलिस द्वारा कुल 90 बाबाओं/साधु-संतों का सत्यापन किया गया। यह कार्रवाई पूरी तरह पारदर्शी एवं विधिसम्मत तरीके से संपन्न की गई।
पुलिस टीम ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हों या धार्मिक वेश की आड़ में किसी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी मिले, तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा सके।
पौड़ी पुलिस ने स्पष्ट किया कि जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी ऐसे अभियान निरंतर जारी रहेंगे।