रुद्रप्रयाग। अलकनंदा नदी में धारी देवी क्षेत्र के पास सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नदी में संचालित हो रही दो बोट आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी तेज थी कि एक बोट कुछ देर तक नदी के बीचों-बीच गोल-गोल घूमती रही, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त बोट के चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए नदी में छलांग लगा दी और सुरक्षित बाहर निकल आया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई भी यात्री या चालक घायल नहीं हुआ।
घटना के बाद पास में मौजूद एक अन्य बोट की टीम ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य संभाला और बोट को नियंत्रित करने में मदद की। स्थानीय लोगों की तत्परता से संभावित बड़ा हादसा टल गया।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, नदी के तेज बहाव और संचालन में समन्वय की कमी को टक्कर का संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि, प्रशासन द्वारा घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नदी में संचालित बोटों के लिए सुरक्षा मानकों की सख्ती से समीक्षा और निगरानी बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।