24 फरवरी 2026 | पौड़ी गढ़वाल
श्रीनगर पुलिस ने मानसिक रूप से कमजोर युवती से दुष्कर्म के प्रयास के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। आरोपी अस्पताल से छुट्टी मिलते ही फरार होने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए उसे अस्पताल परिसर से ही दबोच लिया।
पुलिस के मुताबिक 15 फरवरी 2026 को श्रीनगर निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसकी बहन, जो मानसिक रूप से कमजोर व मंदबुद्धि है, को बहला-फुसलाकर काली कमली धर्मशाला ले जाया गया। आरोप है कि वहां उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
जांच के दौरान सामने आया कि घटना के दिन आरोपी मनीष चन्द्र (35 वर्ष) पुत्र स्व. कुशलानन्द मनोरी, निवासी ग्राम मनोड़ा, पोस्ट नारायणबगढ़, थाना थराली, जनपद चमोली, धर्मशाला से भागने के प्रयास में कूद गया था, जिससे उसके दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए। घायल अवस्था में उसे बेस अस्पताल श्रीकोट में भर्ती कराया गया था।
मंगलवार को अस्पताल से डिस्चार्ज होते ही आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पहले से तैनात पुलिस टीम ने उसे अस्पताल परिसर से ही गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार पौड़ी भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में क्षेत्राधिकारी श्रीनगर अनुज कुमार के नेतृत्व में महिला उपनिरीक्षक लक्ष्मी सकलानी, हेड कांस्टेबल हरीश लिंगवाल और कांस्टेबल विनोद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने कहा है कि महिला अपराधों के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।