यूके रिपोर्ट 24 (रुद्रप्रयाग): विश्व प्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ धाम में मौसम का मिजाज बदल गया है। धाम में कड़ाके की ठंड के साथ बर्फबारी का दौर देखने को मिल रहा है। इसके बावजूद शिवभक्तों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शनों के लिए पहुँच रहे हैं।

चारों ओर बर्फ की सफेद चादर के बीच तीर्थयात्री पूरे उत्साह और भक्तिभाव के साथ बाबा केदार के दर्शन कर रहे हैं। प्रशासन और संबंधित विभागों द्वारा यात्रा मार्ग से लेकर धाम तक श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यवस्थाएं बनाई रखी जा रही हैं।
यात्रा पर आ रहे श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण दिशानिर्देश

धाम में लगातार गिरते तापमान और ठंड को देखते हुए श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक एडवाइजरी जारी की गई है:
- गर्म कपड़े अवश्य पहनें: केदारनाथ धाम में तापमान काफी नीचे चला गया है। धाम आने वाले सभी तीर्थयात्री मौसम के अनुरूप पर्याप्त ऊनी व गर्म कपड़े पहनकर ही यात्रा शुरू करें।
- बारिश व बर्फबारी से बचाव की तैयारी: मौसम के अचानक मिजाज बदलने की संभावना को देखते हुए अपने साथ रेनकोट, छाता, वॉटरप्रूफ जूते और आवश्यक दवाइयाँ साथ रखें।
- सुरक्षा एवं सहायता: यात्रा मार्ग या धाम में किसी भी प्रकार की परेशानी या आपात स्थिति उत्पन्न होने पर तुरंत राष्ट्रीय आपातकालीन नंबर 112 पर संपर्क करें।